निर्माणाधीन चिल्ड्रेन पार्क और जिला पुस्तकालय का डीएम अपूर्वा पाण्डे ने किया निरीक्षण, कहा – गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता, तय समय में पूरे हों कार्य

Jun 26, 2026 - 09:30
 131  2.7k
निर्माणाधीन चिल्ड्रेन पार्क और जिला पुस्तकालय का डीएम अपूर्वा पाण्डे ने किया निरीक्षण, कहा – गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता, तय समय में पूरे हों कार्य

बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने गुरुवार शाम तहसील परिसर स्थित निर्माणाधीन आधुनिक चिल्ड्रेन पार्क एवं जिला पुस्तकालय का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं तथा किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न किया जाए।

चिल्ड्रेन पार्क में बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए हों बेहतर सुविधाएं

निर्माणाधीन चिल्ड्रेन पार्क के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्क में लाइटिंग व्यवस्था स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्क को बच्चों के लिए सुरक्षित, आकर्षक और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जाए। इसके लिए सुरक्षित खेल उपकरणों के साथ वॉकिंग पाथ, हरित क्षेत्र, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेंच स्थापित करने को कहा। उन्होंने कहा कि पार्क को बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ परिवारों के लिए भी एक आदर्श सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।

जिला पुस्तकालय को बनाया जाएगा आधुनिक शिक्षण केंद्र

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने तहसील परिसर स्थित जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया और पुस्तकालय को अधिक व्यवस्थित, आकर्षक एवं विद्यार्थियों के अनुकूल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों और युवाओं में पठन-पाठन की रुचि बढ़ाने के लिए रीडिंग कॉर्नर विकसित करने, ज्ञानवर्धक पुस्तकों एवं सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा बैठने की बेहतर व्यवस्था करने पर जोर दिया।

डीपीआर तैयार कर विकसित होगा आधुनिक पुस्तकालय

जिलाधिकारी ने ग्रामीण निर्माण विभाग एवं शिक्षा विभाग को संयुक्त रूप से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय को बच्चों और विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायी शिक्षण केंद्र तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक युवा और छात्र-छात्राएं लाभान्वित हो सकें।

स्वच्छता व्यवस्था पर जताई नाराजगी

पुस्तकालय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, विशेषकर शौचालयों की साफ-सफाई और रखरखाव पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजय भारती, तहसीलदार ऋतु गोस्वामी, अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0